चंडीगढ़, 24 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे केवल जनता को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की प्राथमिकता देश की प्रगति नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक स्थिति को सुरक्षित रखना है।
मुख्यमंत्री ने यह बयान आज एक प्रेस वार्ता के दौरान दिया, जिसमें कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विपुल गोयल और कृष्ण कुमार बेदी भी उपस्थित थे।
वक्फ बोर्ड बिल पर कांग्रेस की राजनीति
लोकसभा में वक्फ बोर्ड पर लाए गए विधेयक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर भी जनता को भटकाने का काम किया था, जबकि यह कानून नागरिकता देने के लिए बनाया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
व्यापारियों को राहत, विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार नागरिकों के जीवन को सरल बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं ला रही है। हाल ही में छोटे व्यापारियों के लिए ‘वन टाइम सेटलमेंट स्कीम’ शुरू की गई है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश, देश और नागरिकों को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है।
निकाय चुनावों के बाद तेज़ होंगे विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनावों के बाद प्रदेश में "ट्रिपल इंजन सरकार" बनी है, जिससे जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक मकरंद पांडुरंग और मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय भी मौजूद थे।