हरियाणा बजट: सबके लिए लाभ, किसानों से लेकर सैनिकों तक को मिला फायदा
चंडीगढ़, 21 मार्च – हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य के बजट को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह बजट समाज के हर वर्ग—किसानों, व्यवसायियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों—की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस बजट से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिली है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विशेष रूप से कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों पर ध्यान केंद्रित किया है। सैनिकों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय देश के अग्रणी राज्यों में सबसे अधिक है, और पिछले 10 वर्षों में राजस्व घाटे में लगातार कमी आई है।
उन्होंने बताया कि महिला किसानों को डेयरी स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा, जिससे पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, देसी गाय खरीदने पर मिलने वाली अनुदान राशि को बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दिया गया है। यूरिया और डीएपी खाद की बिक्री को 'मेरी फसल, मेरा ब्यौरा' पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को पारदर्शी तरीके से लाभ मिलेगा। साथ ही, प्राकृतिक खेती के लाभों को अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए अब इसकी न्यूनतम भूमि सीमा को घटाकर 1 एकड़ कर दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय निकाय चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में जिला प्रशासन की भूमिका की सराहना की और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार जनहित में फैसले लेकर हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए प्रयासरत हैं।