हरियाणा सरकार ने नागरिकों को ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिबद्धता के तहत, स्वास्थ्य विभाग ने टोल-फ्री नंबर 104 के माध्यम से डॉक्टर से अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा शुरू की है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, सुश्री आरती सिंह राव ने पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित विश्राम गृह से इस सेवा का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं, जिनका समाधान पांच दिन के भीतर कॉल बैक के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा, दवाइयों से संबंधित जानकारी भी इस पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इस अवसर पर प्रदेश के सभी सीएमओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
मंत्री ने बताया कि इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य नागरिक अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारों को खत्म करना है। अब मरीज डायल 104 के जरिए पहले से डॉक्टर से परामर्श लेने का समय बुक कर सकते हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। हाल ही में 761 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, पहले से जारी ई-टेली मेडिसिन सेवाओं को भी इस पोर्टल के साथ जोड़ा जाएगा।
अस्पतालों की मरम्मत और बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग के साथ जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉक्टर मनीष बंसल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉक्टर वीरेंद्र यादव, डॉक्टर कुलदीप सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे।