हरियाणा में पिछले दस वर्षों में आयोजित किए गए सफल राष्ट्रीय कार्यक्रमों को देखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक और प्रमुख अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में, "जल शक्ति अभियान - कैच द रेन 2025" के छठे संस्करण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 22 मार्च 2025 को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से किया जाएगा।
एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2019 में जल शक्ति अभियान की शुरुआत हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन और लुप्तप्राय नदी मार्गों को पुनर्जीवित करना है। यह अभियान जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए चलाया जा रहा है।
हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा पौंड अथॉरिटी का गठन किया है। यह संस्था पुराने तालाबों के जल को शुद्ध करके सिंचाई एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है। "जल शक्ति अभियान - कैच द रेन 2025" इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जो जल संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।