सिटी दर्पण
नई दिल्ली, 11 मार्चः
दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान, जो पहले 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, अब घटकर 34 डिग्री सेल्सियस रह गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि के अनुसार, आज रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव 13 मार्च से दिखने लगेगा।
यह पश्चिमी विक्षोभ 13 से 15 मार्च के बीच दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश ला सकता है। हालांकि बारिश अधिक नहीं होगी, लेकिन बादल छाए रहेंगे और हवाएं 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, गाजियाबाद का 33 डिग्री सेल्सियस और नोएडा व गुरुग्राम का 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान दिल्ली में 19 डिग्री, नोएडा में 20 डिग्री और गाजियाबाद व गुरुग्राम में 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप कम रहेगी और हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं। इससे मौसम सुहावना बना रहेगा। होली के दिन भी हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। हालांकि, 17 मार्च तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद मौसम में संभावित परिवर्तन को लेकर मौसम विज्ञान विभाग स्थिति की निगरानी कर रहा है और जल्द ही विस्तृत पूर्वानुमान जारी करेगा।
आज का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI):
📍 दिल्ली – अधिकतम: 34°C, न्यूनतम: 19°C, AQI: 386 📍 नोएडा – अधिकतम: 34°C, न्यूनतम: 20°C, AQI: 159 📍 गाजियाबाद – अधिकतम: 33°C, न्यूनतम: 19°C, AQI: 169 📍 गुरुग्राम – अधिकतम: 34°C, न्यूनतम: 19°C, AQI: 160