सिटी दर्पण
नई दिल्ली, 25 जनवरीः
भारत सरकार ने 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले पद्म पुरस्कार विजेताओं की सूची जारी कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को 139 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी, जिनमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।
इन कलाकारों के नाम का हुआ एलान
तेलुगु सुपरस्टार बालकृष्ण, मशहूर फिल्मकार शेखर कपूर, तमिल अभिनेता अजित कुमार, अनंत नाग, शोभना चंद्रकुमार और पंकज उधास (मरणोपरांत) को पद्म भूषण अवॉर्ड देने का एलान किया गया है। वहीं, शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने का एलान किया गया है।
इन कलाकारों को भी किया जाएगा सम्मानित
इस बार के पद्म पुरस्कारों में कलाकारों का जलवा देखने को मिला है। मलयालत स्क्रीनराइटर-डायरेक्टर वासुदेवन नायर को मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान करने का एलान किया गया है। इसके अलावा दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ, थिएटर कलाकार बैरी जॉन, गायक जसपिंदर नरूला और ग्रेमी विजेता संगीताकार रिकी केज को पद्म श्री से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।