चंडीगढ़, 20 अप्रैल – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर ऊंचा किया है और भारत को नई पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति की दिशा में बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अब पंजाब भी विकास की राह पर चले, और पंजाब की जनता को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रगति की पूरी आशा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग विभिन्न राजनीतिक पार्टियों पर भरोसा करके निराश हुए हैं, और अब उन्हें पूरा यकीन है कि प्रधानमंत्री मोदी ही पंजाब को सही दिशा में ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जीरकपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां पंजाब के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी कार्यशैली की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे पंजाब के युवाओं से मिलते हैं, तो वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लेते हैं। आज पंजाब के किसान और युवा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 में जब पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार हरियाणा में बनी थी, तब से हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार पर लगातार विश्वास जताया है। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने 12 मार्च, 2024 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तो 50,000 सरकारी नौकरियों का वादा किया था। हालांकि, आचार संहिता लागू होने के कारण नियुक्तियां नहीं हो पाईं, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपना वादा निभाया और शपथ लेने से पहले ही 25,000 युवाओं को नियुक्त किया।
हरियाणा के किसानों का सम्मान प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी नीतियां आमजन के भले के लिए लागू की जा रही हैं। हरियाणा में सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जा रही हैं, और उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से भी यह आग्रह किया था कि वहां भी MSP पर खरीदी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जब पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, तो वहां भी किसानों की फसलें MSP पर खरीदी जाएंगी और किसानों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार फसल का पूरा मूल्य सुनिश्चित करती है और यदि फसल खराब हो जाए तो किसानों को सीधा मुआवजा दिया जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय केवल 1155 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने अब तक 10 वर्षों में 14,500 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को प्रदान किया है।
पंजाब में भाजपा सरकार बनने से तेज़ी से होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा, पंजाब का छोटा भाई होते हुए भी विकास के मामले में पंजाब से कहीं आगे है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की कल्याणकारी नीतियों के कारण राज्य आज तीन गुना तेज़ी से प्रगति कर रहा है। जैसे हरियाणा में विकास के कार्य तेज़ी से हो रहे हैं, वैसे ही जब पंजाब में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी, तो वहां भी विकास के कार्य तेज़ी से होंगे।
स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। अब तक 20 लाख लोगों को इलाज मिला है और हरियाणा सरकार ने इस योजना के तहत 6500 करोड़ रुपये का खर्च उठाया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के लिए भी आयुष्मान योजना का लाभ देने की घोषणा की थी, जिसे हरियाणा सरकार ने पूरी तरह से लागू किया और अब तक 12,000 बुजुर्गों को इसका लाभ मिला है।
भारत का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और 2027 तक भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी, तो दिल्लीवासियों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला और अब दिल्ली के लोग भी इसका लाभ उठा रहे हैं।
पंजाब की जनता से अपील
मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएं ताकि गरीब, किसान और हर वर्ग को लाभ मिल सके और देश विकास की ओर अग्रसर हो।
इस समारोह में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, पंजाब की पूर्व सांसद श्रीमती परनीत कौर और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।