पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 24 से 28 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, देश के अधिकांश हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 24 से 28 मार्च तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 26 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 24 से 27 मार्च और उत्तराखंड में 26 और 27 मार्च को भारी बारिश के आसार हैं।
देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी जाएगी। अगले चार दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, जिसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अगले 4-5 दिनों में तापमान 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है। गुजरात में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और फिर इसके बाद गिरावट आ सकती है। 24 और 25 मार्च को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
बीते 24 घंटों में उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि हुई। उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय में तेज आंधी और हवाएं चलीं। केरल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह घटना प्राचीन देवी मंदिर के पास हुई, जहां बारिश से बचने के लिए लोग एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। घायलों को कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ रहेगा, लेकिन तापमान में वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बुधवार से तापमान में और बढ़ोतरी होगी और यह 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। रविवार को दिल्ली में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हुआ, जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि आया नगर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।