सिटी दर्पण
सियोल, 18 अक्तूबरः दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की सहायता के लिए अपने सैनिकों को भेजा है। इससे पहले गुरुवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया था कि उनके देश में रूस की तरफ से लड़ने के लिए उत्तर कोरिया के दस हजार सैनिक तैयारी कर रहे हैं। कुछ उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती भी हो चुकी है। इन दावों से जाहिर होता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में तीसरा देश कूद सकता है। अगर ऐसा होता है तो उत्तर कोरिया और पश्चिम के बीच तनाव बढ़ सकता है।
उत्तर कोरिया के 1500 सैनिक भेजे गए
दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआइएस) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि रूसी नौसेना के जहाजों से आठ से 13 अक्टूबर के बीच उत्तर कोरिया के विशेष ऑपरेशन बलों के 1500 सैनिक भेजे गए। इन्हें रूस के बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक पहुंचाया गया है। उत्तर कोरिया के और सैनिकों को जल्द ही रूस भेजे जाने की उम्मीद है।
उत्तर कोरिया ने कितनी भेजी सैन्य सहायता?
दक्षिण कोरियाई जासूसों के अनुसार यूक्रेन से जंग में रूस की मदद के लिए उत्तर कोरिया की तरफ से 12,000 सैनिक भेजे गए हैं। दक्षिण कोरिया की योनहाप न्यूज एजेंसी ने राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआईएस) के हवाले से बताया कि उत्तर कोरियाई सैनिक रूस की सहायता के लिए पहले ही रवाना हो चुके हैं।
24 साल बाद उत्तर कोरिया पहुंचे थे व्लादिमीर पुतिन
इससे पहले जून के महीने में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुति ने 24 साल बाद उत्तर कोरिया का दौरा किया था। जहां प्योंगयांग के हवाई अड्डे पर उत्तर कोरियाई नेता किम-जोंग-उन ने व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया था। इस दौरान उत्तर कोरिया ने यूक्रेन में उनकी सैन्य कार्रवाइयों के लिए देश के दृढ़ समर्थन की सराहना की थी। वहीं पुतिन के उत्तर कोरियाई दौरे को लेकर उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में सड़कों को पुतिन और रूसी झंडों के चित्रों से सजाया गया था।